जींद जिले के नजदीकी गांव के ग्रामीणों ने किया पंचायत चुनाव का बहिष्कार, बताया ये कारण !
नेशनल हाईवे 352 ए पर क्रासिंग नहीं किए जाने को लेकर खफा हैं ग्रामीण !
जींद : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
जींद जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित भिड़ताना गांव के ग्रामीणों ने पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने का ऐलान कर दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक सरकार उनके खेतों के बीचों बीच निकाले गए नेशनल हाईवे से क्राशिंग रास्ता नहीं निकालती तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।
गांव भिडताना के ग्रामीण नेशनल हाईवे पर क्रासिंग के लिए धरना दे रहे हैं। वीरवार को गांव की चौपाल में एक पंचायत का आयोजन किया गया। जिसमें सर्वसमिति से निर्णय लिया गया है कि 30 अक्टूबर और दो नवंबर को होने वाले मतदान में ना ही तो कोई ग्रामीण मतदान करेगा। बल्कि गांव का कोई भी व्यक्ति पंचायत चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल नहीं करेगा। क्योंकि उनके गांव सहित आसपास के गांव के लोगों के लिए ये हाईवे कई मुसिबतें लेकर आ रहा है और ग्रामीणों के शांति पूर्वक ढंग से चल रहे धरने से सरकार मानने वाली नहीं है।
गांव के पूर्व सरपंच राममेहर,अधिवक्ता सैलेंद्र, देवेन्द्र, पिरथी नंबरदार इत्यादि ने बताया कि 352 ए पर क्रासिंग न होने के कारण आसपास के दर्जनों गांव का आपस में संपर्क कट जाएगा। वहीं ग्रामीणों को अपने खेतों में जाने के लिए दूर दराज से होकर जाना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इसी मांग को लेकर भिड़ताना गांव सहित आसपास के गांव के लोग शांति पूर्वक ढंग से धरना चलाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि इस समस्या को लेकर वो प्रशासनिक अधिकारियों से लेकर नेताओं के दरवाजे खटखटा चुके हैं। लेकिन आज तक कोई समाधान नहीं हुआ। इसको लेकर मौजिज लोगों की पंचायत का आयोजन किया गया था, जिसमें सर्वसमिति से पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks