हिसार जिले के सरकारी स्कूल में पिछले एक महीने से नहीं है अध्यापक, ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर सरकार व प्रशासन को दी नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी !
छटी से दसवीं तक का स्कूल केवल पीटीआई अध्यापक के हवाले
![]() |
| Bhasker |
हिसार : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
हिसार जिला मुख्यालय से चंद किलोमीटर दूर रायपुर गांव के सरकारी स्कूल में पिछले एक महीने से अध्यापक नहीं है। ऐसे में छात्रों की पढ़ाई को बाधित होते देख परिजनों ने लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया और नेशनल हाईवे जाम करने की चेतावनी दी है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाते हुए कहा कि पिछले एक महीने से उनके गांव के सरकारी स्कूल में पीटीआई अध्यापक को छोडक़र किसी भी विषय का अध्यापक नहीं है। जिसके कारण छात्र जैसे स्कूल जाते हैं वैसे ही बिना कुछ पढ़े घर आ जाते हैं। इस बारे में उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं हुआ। इससे परेशान होकर ग्रामीणों व छात्रों ने हिसार के जिला मुख्यालय पर रोष प्रदर्शन किया और चेतावनी दी है कि अगर 18 सितंबर तक उनके गांव के स्कूल में अध्यापकों की नियुक्ति नहीं की गई तो वो नेशनल हाईवे पर जाम लगा देंगे। जिसकी जिम्मेवारी सरकार व प्रशासन की होगी।
ग्रामीणों ने बताया कि छटी से लेकर दसवीं कक्षा तक केवल पीटीआई अध्यापक ही है। इसके लिए उन्होंने आज लघुसचिवालय पर रोष प्रदर्शन करके जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों की मांग है कि स्कूल में जल्द से जल्द अध्यापकों की नियुक्ति की जाए। ताकि 15 दिन बाद होने वाली परीक्षा की तैयारी छात्र कर सकें। अगर नहीं हुई तो वो 19 सितंबर को नेशनल हाईवे पर जाम लगा देंगे।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks