पत्नी व ससुराल वालों से तंग आकर दुकानदार ने लगाई फांसी, पत्नी सहित अन्य पर मामला दर्ज
बार बार कर रहे थे पैसे की डिमांड, तंग आकर माता पिता से रहने लगा था अलग
रोहतक : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
कलानौर कस्बे में एक युवक ने अपनी पत्नी व ससुरालवालों से तंग आकर अपने किराए के मकान में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक के पिता के ब्यान पर पत्नी सहित पांच के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया।
पुलिस को दिए ब्यान में कलानौर के वार्ड 6 निवासी राजेन्द्र कुमार ने बताया कि उसके चार बच्चे हैं, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा 29 वर्षीय गगन है। गगन जनरल स्टोर की दुकान करता था और उसकी शादी रोहतक की इंदिरा कॉलोनी निवासी अंजली के साथ करीब एक साल पहले ही हुई थी। शादी के कुछ समय के बाद ही उसकी पत्नी अंजली व उसके ससुराल वाले अकसर उससे पैसे की डिमांड करने लगे। बार बार तंग करने से गगन अपने माता पिता से अलग किराए के मकान में रहने लगा तो उनका जुल्म ओर भी बढ़ गया।
14 अगस्त को मां को फोन कर बताई सारी बातें
राजेन्द्र कुमार ने बताया कि 14 अगस्त को गगन ने अपनी मां के पास फोन कर ससुरालजनों व पत्नी अंजली द्वारा बार बार पैसे की डिमांड की बात बताई थी कि वो काफी तंग आ चुका है। पैसे की डिमांड के चलते ही अंजली रूठ कर रक्षाबंधन पर अपने मायके चली गई है। जब सोमवार को उसकी मां गगन से मिलने के लिए पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। बार बार आवाज लगाने के बाद भी दरवाजा नहीं खुला तो उसने अपने परिचितों से संपर्क कर मौके पर बुलाया और दरवाजा तौडक़र अंदर जाकर देखा तो वो फांसी के फंदे पर झुल रहा था।
जांच अधिकारी दीनबंधु ने बताया कि युवक ने अपने ससुरालजनों व पत्नी से तंग आकर आत्महत्या कर ली है। पुलिस ने मृतक की पत्नी अंजली, सास नीलम, ससुर श्यामलाल, साला दीपक व साली के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks