हांसी : गर्मी ने चोरों के छुटाए पसीने, हवा खाने के लिए कुलर का लिया सहारा तो घर वालों की खुली नींद, महिला घायल !
चोरों के हौसले बुलंद, नींद खुली तो घर के मालिकों पर कर दिया हमला
हमले में घर की मालकिन गंभीर रूप से घायल, फिर भी एक चोर को किया काबू
हांसी : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
हांसी में आए दिन हो रही अपराधिक घटनाओं से लोगों में दहशत फैली हुई है। रात को सोते समय सबके दिमाग में एक ही सवाल उठ रहा है कि रात को उनके साथ पता नहीं क्या घटना घटित हो जाए। वहीं हांसी में चोरी की वारदातें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बीती रात को चोर घर में घुसे तो घर के मालिकों की नींद खुल गई तो चोरों ने मां बेटे पर लोहे की रॉड व तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें घर की मालकिन गंभीर रूप से घायल हो गई। वहीं एक चोर को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। जबकि उसके साथी चोर हजारों रुपए की नकदी सहित सोने चांदी के जेवरात चुराकर भाग गए।
हांसी के जगदीश कालोनी निवासी गुरमीत सैनी ने बताया कि वो रात को घर के आंगन में कुलर चला कर सो रहा था कि रात करीब ढाई बजे कुलर की हवा लगनी बंद हो गई तो उसकी नींद खुल गई तो उसने देखा कि कुलर के सामने कोई खड़ा है तो उसने अपनी मां को आवाज लगाई तो चोर ने उस पर लोहे की रॉड व तेजधार हथियार से हमला कर दिया। लेकिन आवाज सुनकर उसकी मां की भी नींद खुल गई और उसने चोर के हाथ पकड़ लिए, लेकिन कमरे के अंदर घुसे हुए चोर ने भी हमला कर दिया। करीब दस मिनट तक घर में हाथापाई होती रही और चोर भागने लगे तो उन्होंने गली में एक चोर को काबू कर लिया तो उसके साथियों ने फिर से हमला कर दिया। जिसमें उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके बावजूद भी उन्होंने चोर को नहीं छोड़ा और आवाज सुनकर आसपास के पड़ोसियों को आता देख दो चोर अलमारी में रखी 38 हजार रुपए, सोने चांदी के जेवरात, उसका पर्स लेकर फरार हो गए।
गुरमीत सैनी ने बताया कि तीन चोर रात को पड़ोसियों की छत से घर में घुसे थे। जिसमें से एक कमरे में घुस कर चोरी करने लगा तो दूसरा आंगन में खड़ा हो गया और तीसरा छत से नजर रखे हुए था। गुरमीत ने बताया कि गर्मी के कारण आंगन में खड़ा चोर पसीने सुखाने के लिए कुलर के सामने आया तो उसकी नींद खुल गई। लेकिन इस हादसे में उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसको उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया तो डॉक्टरों ने उसका प्राथमिक उपचार कर हिसार रैफर कर दिया। वहीं पकड़े गए चोर को पड़ोसियों की मदद से पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने गुरमीत की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए मामले की गहनता से जांच शुरु कर दी है। वहीं पकड़े गए चोर से पुलिस पूछताछ कर उसके साथियों का सुराग लगाने में जुटी हुई है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks