कॉमनवेल्थ गेम्स में हिसार की बेटी ने जीता मैडल, स्वागत करने पहुंचे बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला
देश से बहुत जल्द खत्म हो जाएंगी क्षेत्रीय राजनीतिक पार्टियां : बिजली मंत्री रणजीत सिंह चौटाला
सम्मान समारोह में मैडल विजेता पूजा सिहाग का सम्मान करते कैबिनेट मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला।
हांसी : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
कॉमन वेल्थ खेलों में (कुश्ती) कांस्य पदक जीतकर देश का नाम दुनिया में रोशन करने वाली पूजा सिहाग का उनके पैतृक गांव सिसाय में जोरदार स्वागत किया गया। सम्मान समारोह में प्रदेश के बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने बतौर मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत की और पूजा सिहाग को राज्य सरकार की ओर से बधाई दी तथा अपनी ओर से 5 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक जोगीराम सिहाग ने की। उन्होंने भी पदक विजेता पूजा सिहाग को 51 हजार रुपए की राशि भेंट की।
बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने सम्मान समारोह में पदक विजेता पूजा सिहाग को बधाई एवं आशीर्वाद देने पहुंचे पहुंचे हजारों लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि लड़का तथा लड़की में किसी प्रकार का कोई भेदभाव नहीं मानना चाहिए दोनों को आगे बढ़ने के लिए बराबर अवसर उपलब्ध करवाएं क्योंकि लड़कियां किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा भी खेल एवं खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी जा रही है। इस अवसर पर उन्होंने ग्रामीणों की मांग पर गांव में रेसलिंग हाल बनवाने का आश्वासन दिया और बिजली घर की क्षमता बढ़ाने गांव की बिजली बिजली लाइनों को ठीक करवाने सहित अन्य मांगों को भी पूरा करवाने की बात कही।
चौधरी रणजीत सिंह चौटाला ने आगे कहा कि देश से क्षेत्रीय पार्टियां तेजी से खत्म हो रही है। इसका मतलब यह है कि देश की जनता क्षेत्रीय पार्टियों की नीतियों को स्वीकार नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र के विकास के लिए दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी भाजपा के साथ जुड़कर इसे और मजबूत करें।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता कर रहे विधायक जोगीराम सिहाग ने कहा कि पूजा सिहाग ने कॉमनवेल्थ खेलों में पदक जीतकर न केवल हरियाणा प्रदेश का बल्कि भारतवर्ष का नाम पूरे विश्व में गौरवान्वित किया है। उनकी इस उपलब्धि पर हरियाणा वासियों को पूरा गर्व है । उन्होंने उम्मीद जताई कि पूजा सिहाग की इस जीत से प्रेरित होकर क्षेत्र से अनेक प्रतिभाएं निकल कर आएंगी और देश का गौरव बढ़ाएंगे।
कॉमन वेल्थ पदक विजेता पूजा सिहाग ने कहा कि पदक जीतने में गांव तथा कोच संजय का बहुत बड़ा योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि मुझे नाम तो मेरे माता पिता ने दिया है लेकिन दुनिया भर में इस नाम को पहचान दिलाने का काम कोच संजय ने किया है। उन्होंने ग्राम वासियों द्वारा दिए गए सम्मान के लिए दिल से धन्यवाद किया और कहा कि यह सम्मान मेरे लिए हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।
सम्मान समारोह में बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह चौटाला को प्रीतम ने पगड़ी पहनाकर पूरे गांव की ओर से मान सम्मान किया। इस अवसर पर पूजा सिहाग के कोच संजय सिहाग शन्नो देवी दीप सिहाग राजेश सरपंच तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks