स्वतंत्रता दिवस स्पेशल पेज


 

Breaking News

शव को टोल पर रखकर परिजनों ने करवाया टोल फ्री, मृतक सहित तीन दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

 गांव बडनपुर में पंचायती जमीन पर कब्जा हटाने को लेकर विरोध प्रदर्शन


नरवाना : तहलका न्यूज


गांव बडनपुर में कब्जा हटाने के विरोध में दो किसानों द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने से एक किसान की मौत के बाद मृतक के परिजन भडक़ गए और उन्होंने बद्दोवाला टोल पर मृतक का शव रखकर टोल फ्री करवा दिया और जोरदार प्रदर्शन किया। सुरक्षा के लिहाज से मौके पर भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है। वहीं देर रात तक चली बातचीत के बाद भी प्रशासन व मृतक के परिजनों के बीच सहमति नहीं बनी। 









गांव बडनपुर निवासी बलवान, इंद्र समेत कुछ अन्य लोग पिछले काफी समय से आठ एकड़ पंचायती जमीन पर काश्त करते आ रहे हैं। वर्ष 2015 में पंचायत ने जमीन की बोली करवाई। इस पर विवाद हो गया। उसके बाद भी बलवान, इंद्र आदि जमीन पर काश्त करते रहे। वर्ष 2021-22 के लिए जमीन की बोली की गई। बावजूद इसके बलवान, इंद्र आदि जमीन पर काश्त करते रहे। इस पर बोली देने वाले लोगों ने शिकायत पंचायत विभाग को दी। मामला अदालत में चला गया। निचली अदालत में फैसला काश्त करने वालों के पक्ष में आया था। इसपर पंचायत विभाग सैशन कोर्ट में चला गया। इसी बीच प्रशासनिक बीडीपीओ उचाना के नेतृत्व में 27 अगस्त को गांव बडनपुर पहुंचा और कब्जा कार्रवाई शुरू कर दी।






दो किसानों द्वारा कब्जा हटाने के विरोध में जहरीला पदार्थ निगलने से एक किसान की हिसार के एक निजी अस्पताल में मौत के बाद रविवार को मृतक के परिजन भडक़ गए और शव को लेकर बद्दोवाला टोल पर पहुंचे और टोल फ्री करवा दिया। परिजनों की मांग है कि इस मामले में बीडीपीओ व ग्राम सचिव सहित अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और मृतक के परिवार को 50 लाख मुआवजा व एक सदस्य को सरकारी नौकरी दे। टोल फ्री करवाने की सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस बल के साथ उचाना के एसडीएम डॉ. राजेश कोथ, एएसपी कुलदीप सिंह सहित अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से बातचीत की। लेकिन तमाम कोशिशों के बाद भी बातचीत बेनतीजा रही। 









बीडीपीओ उचाना सुरेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि प्रशासनिक अमला पंचायती जमीन पर कब्जा हटवाने के लिए गांव बडनपुर पहुंचा था। कब्जाधारियों ने कार्रवाई को अंजाम नहीं देने दिया। दो लोगों ने जहर निगल लिया। इसके चलते जमीन को कब्जा मुक्त नहीं करवाया जा सका। सदर थाना नरवाना पुलिस ने गांव बडनपुर निवासी मृतक इंद्र, बलवान, सुरेंद्र, सुरेश, ओमप्रकाश, रामनिवास, हवा सिंह, सुभाष, कृष्ण, गुरमीत, कुलवंत को नामजद कर 25 अन्य के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, दुर्व्यवहार करने, तोड़फोड़ करने, जान देने की कोशिश करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। 

कोई टिप्पणी नहीं

Thanks

Home; | DMCA; | Disclaimer; | Privacy Policy; | About Us; | Contact Us; |