हांसी दिल्ली रोड़ बंद, वाहन चालकों को जींद रोड़ का सहारा !
कोर्ट के पास नहर पुल को फोरलेन बनाने के लिए किया बंद
पु ल के निर्माण के लिए हांसी दिल्ली मार्ग पर निर्माणाधीन कार्य।हांसी : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
हांसी से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए अब हांसी कोर्ट के सामने से जाने वाली सड़क को बंद कर दिया गया है। वाहन चालकों को अब हांसी से जींद जाने वाली सड़क का प्रयोग करना होगा। जींद रोड़ पर स्थित बाईपास से होते हुए वाहन हाईवे पर चढ़कर दिल्ली के लिए रवाना होंगे और वापसी में भी इसी मार्ग से होते हुए हांसी में प्रवेश कर पाएंगे। हालांकि आसपास की ढ़ाणियों व गांव के लोगों के लिए पेटवाड़ डिस्ट्रीब्यूटरी पर अस्थाई पुल बनाया गया है। जिससे दुपहिया व कार आ जा सकती हैं। लेकिन इन गांवों के हैवी वाहन चालकों को जींद रोड़ से होकर ही गुजरना पड़ेगा।
हांसी शहर से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों को अब चार पांच किलोमीटर का सफर अधिक तय करना पड़ेगा। दरअसल अब तक वाहन चालक हांसी अदालत के सामने से होते हुए आईटीआई के पास से होकर हिसार दिल्ली हाईवे पर चढ़ जाते थे। लेकिन हांसी अदालत और आईटीआई के बीच स्थित पेटवाड़ नहर के पुल को फोरलेन बनाने का कार्य शुरू होने के कारण इस रास्ते को अस्थाई रूप से तीन महीने के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में हरियाणा रोडवेज बसों सहित हांसी शहर से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को हांसी कोर्ट के पास से जींद रोड़ से होते हुए सिरसा दिल्ली हाईवे पर स्थित पुल के नीचे से गुजर कर हाईवे पर चढ़ना होगा।
पुल के निर्माण कार्य शुरू होने से पूरा काम होने तक यहां से भारी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। लोकनिर्माण विभाग द्वारा अदालत परिसर के पास से व दिल्ली रोड़ पर टी प्वाॅइंट से वाहनों की एंट्री को रोक लगाई गईं है। वाहनों को जींद रोड़ पर डायवर्ट किया गया है। बता दें कि हांसी दिल्ली मार्ग पर गांव ढ़ाणा के पास स्थित टी प्वाइंट से लेकर हिसार रोड़ पर स्थित राधा स्वामी सत्संग घर और रामायण टोल नाके के बीच स्थित टी प्वाइंट तक 9 किलोमीटर लंबी इस सड़क को 36 करोड़ 43 लाख रुपए की लागत से फोरलेन बनाया जाएगा। इसके लिए विभाग की तरफ से तीन साल की समय-सीमा निर्धारित की गई है। सड़क निर्माण का कार्य नहर पुल के निर्माण से शुरू हो गया है। ऐसे में हांसी शहर से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों को बाईपास, जींद रोड़, बरवाला रोड़ का प्रयोग करना होगा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks