प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में गोलमाल : किसानों ने लगाया था फर्जी हस्ताक्षर कर रिपोर्ट बदलने का आरोप ; सात लोगों पर मामला दर्ज !
फसल में 80% नुकसान, अधिकारियों ने बीमा कंपनी से सांठगांठ कर दिखा दिया 20%, सात के खिलाफ मामला दर्ज !
फतेहाबाद : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
फतेहाबाद जिले के गांव जांडली कलां में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में फसल खराब होने व क्राॅप कटिंग में गड़बड़ी का खुलासा होने के बाद जिला उपायुक्त के आदेश पर 7 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच शुरू कर रही है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई। किसानों ने आरोप लगाया था कि कृषि विभाग के बड़े अधिकारियों ने बीमा कंपनी के साथ मिलकर पूरी रिपोर्ट ही बदल दी और किसानों के फर्जी हस्ताक्षर व अंगुठे लगाकर गलत रिपोर्ट पेश कर दी। जिससे दर्जनों किसानों की फसल में खराबा होने के बावजूद भी उन्हें बीमा देने से वंचित रखा गया।
गांव जांडली कला के किसान एवं सरपंच ईश्वर सिंह, बलजीत सिंह, सुरेंद्र सिंह, सुनील कुमार, सुरेश कुमार, रामफल, कुलदीप इत्यादि दर्जनों किसानों ने फतेहाबाद के जिला उपायुक्त को लिखित शिकायत दी थी और आरोप लगाया था कि जांडली कला में खरीफ 2021 में बरसात से उनकी फसलें खराब हो गई थी। खराब हुई फसलों का कृषि विभाग के अधिकारियों ने निरीक्षण भी किया था। परंतु कृषि विभाग के अधिकारियों ने बीमा कंपनी के साथ मिलीभगत कर उनकी फसलों में बरसात से हुए 80 फीसदी नुकसान को 20 फीसदी दिखा दिया। साथ ही क्रॉप कटिंग किए जाने के आरोप लगाए गए थे। शिकायत के बाद जिला उपायुक्त ने एसडीएम को जांच करके रिपोर्ट पेश करने के आदेश दिए थे।
एसडीएम जांच पर भी किसानों ने उठाए सवाल
एसडीएम ने जांच की तो सामने आया कि बीमा कंपनी और कृषि विभाग से जुड़े हुए सात लोगों ने गड़बड़ी की है। वहीं किसानों का आरोप है कि बरसात से उनकी खराब हुई फसल का सर्वे किया गया था उसमें उस समय 80 फीसदी नुकसान दिखाया गया था। लेकिन फतेहाबाद के कृषि विभाग के उपनिदेशक कार्यालय में उनके फार्म बदल दिए और नुकसान भी 20 फीसदी दर्ज करके फर्जी इस्ताक्षर भी कर लिए थे। इस मामले के तार उपनिदेशक कार्यालय से भी जुड़े हुए होने का आरोप लगाया गया हैं। किसानों ने कहा कि इस जांच में अधिकारियों ने बड़ी मछलियों को बचाने का प्रयास किया गया है। जांडली कलां के किसानों ने इस गड़बड़झाले की दौबारा से निष्पक्ष तरीके से जांच करने की मांग की है।
इनके खिलाफ हुआ मामला दर्ज
कृषि विभाग के बीएओ कृष्ण कुमार, एडीओ उमेद सिंह जांडली खुर्द, सुपरवाइजर रामनिवास, एडीओ देवेंद्र पाल तथा बीमा कंपनी के कर्मचारी आदर्श कुमार व कुलदीप गिल तथा बिट्टू बेनीवाल के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 167, 465, 468, 120 बी के तहत अभियोग दर्ज किया गया है।
किसानों ने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में लगभग 400 से अधिक किसानों ने 2000 एकड़ का फसल बीमा करवाया हुआ था। किसानों ने बैंक के माध्यम से प्रति एकड़ 1750 रुपये बीमा कंपनी को दिए थे। लेकिन बारिश के बाद किसानों की फसल खराब हो गई। कृषि अधिकारियों एवं बीमा कंपनियों ने मिलकर सर्वे किया। किसानों का आरोप है कि जिन दस्तावेजों पर उनके अंगूठे एवं इस्ताक्षर हुए थे, उन्हें पूरी तरह से बदल दिया गया। किसानों के फर्जी हस्ताक्षर एवं अंगूठे लगाकर गड़बड़ झाले का पूरा खेल खेला गया।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks