JJP हिसार जिलाध्यक्ष पर दुष्कर्म का आरोप, मामला दर्ज
वर्ष 2017 में चंडीगढ़ के एमएलए हॉस्टल में किया था युवती से दुष्कर्म, शादी होने के बाद भी ब्लैकमेल करने का आरोप
हिसार, 9 दिसंबर।
हिसार पुलिस ने जननायक जनता पार्टी (जजपा) के हिसार जिलाध्यक्ष रमेश गोदारा के खिलाफ एक महिला के साथ करीब चार साल तक दुष्कर्म करने के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोप है कि जजपा जिलाध्यक्ष ने युवती के साथ पहली बार वर्ष 2017 में चंडीगढ़ के एमएलए हॉस्टल में दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो ली व बाद में ब्लैकमेल करके कई बार दुष्कर्म किया। युवती की शादी होने के बाद भी कई बार दुष्कर्म करने का आरोप है।
हरियाणा भाजपा-जजपा गठबंधन की सरकार है और जजपा नेता दुष्यंत चौटाला हरियाणा सरकार में उप मुख्यमंत्री है और रमेश् गोदारा इन्हीं की पार्टी के हिसार के जिलाध्यक्ष हैं।
हिसार पुलिस के सूत्रों से मिली जानकार के अनुसार महिला थाना पुलिस ने बुधवार 8 दिसंबर, 2021 को पीडि़त युवती की शिकायत पर जजपा जिलाध्यक्ष रमेश गोदारा के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 376(2)(एन) व अन्य के तहत यह मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में युवती ने बताया कि वर्ष 2017 में जब वह बीमार थी तो रमेश गोदारा ने कालका के एक होम्योपैथी चिकित्सक के पास उपचार करवाने के बहाने उसको चंडीगढ़ बुलाया। जब वह चंडीगढ़ गई तो तो रमेश गोदारा उसको एमएलएम हॉस्टल में ले गया और कहा कि अब शाम हो गई है, सुबह डॉक्टर के पास चलेंगे।
इसके बाद खाना खाया तो हल्की-हल्की नींद आने लगी और वह लेट गई। इसके बाद रमेश गोदारा ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो बनाई व फोटो ले ली। फिर रमेश गोदारा ने वीडियो व फोटो के सहारे उसको ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म किया।
इसके बाद जब उसकी शादी हो गई तो उसने ससुराल में आकर भी उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया और जब उसके पति को शक हुआ तो वह अपने मायके में आकर रहने लगी। इसके बाद भी रमेश गोदारा ने उस पर कई बार मिलने का दबाव बनाया और परेशान होकर उसने अपना सिम तोड़ दिया। इसके बाद शमशेर सावत नामक व्यक्ति को उसके पास भेजा कि वह उससे बात करे। इसी बात से परेशान होकर उसने यह शिकायत दी है।
युवती की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर जांच के लिए चंडीगढ़ पुलिस को भेज दी है।
मामले के बारे में जजपा जिलाध्यक्ष रमेश गोदारा का पक्ष जानने के लिए उनसे कई बार संपर्क किया लेकिन उन्होंने बात नहीं की।
पुलिस ने समझौते की सलाह दी: पीड़िता
-पीडि़ता ने बताया कि बुधवार को पहले वह आदमपुर थाना में गई तो वहां पर आशा नामक एक महिला पुलिस कर्मचारी ने कहा कि अपराध उनके क्षेत्र में नहीं हुआ है।
इसलिए एफआईआर दर्ज नहीं कर सकते। लेकिन समझौता करवा सकते हैं। इसके बाद महिला थाना में गई तो वहां पर उसकी शिकायत ले ली और जीरो एफआईआर दर्ज कर ली। बृहस्पतिवार को डीआईजी बलवान सिंह राणा से मुलाकात करने गई तो उनसे मुलाकात नहीं करवाई । लेकिन शिकायत शाखा के मांगेराम को उन्होंने अपनी शिकायत दे दी। पीडि़ता ने कहा कि रमेश गोदारा ने उसको कई बार जान से मारने की धमकी भी दी है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks