TMC नेता अशोक तंवर के घर का कनेक्शन काटने की तैयारी में बिजली निगम
पूर्व सांसद अशोक तंवर सहित करीब चार दर्जन के खिलाफ कार्यवाही
अशोक तंंवर का फाईल फोटोसिरसा - तहलका न्यूज
पूर्व सांसद एवं TMC नेता अशोक तंवर के सिरसा के सेक्टर 20 स्थित आवास का लाखों रुपए का बिजली बिल का भुगतान नहीं करने के मामले में बिजली निगम ने कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। निगम ने नोटिस जारी कर कहा कि अगर दो दिन के अंदर बकाया राशि जमा नहीं की गई तो निगम अशोक तंवर की कोठी में लगा बिजली कनेक्शन कट कर देगा।
ये कार्यवाही बिजली निगम अकेले अशोक तंवर पर ही नहीं कर रहा है बल्कि दर्जनों लोगों सहित अदालत परिसर का भी बिल बकाया होने के कारण सबको निगम ने नोटिस थमाया है।
महीनों से नहीं भरा बिल
पूर्व सांसद अशोक तंवर ने अपने सिरसा स्थित आवास का बिल भुगतान काफी समय से नहीं किया है। पिछले महीने भी उनको नोटिस भेजा गया था कि निगम का 4 लाख रुपए से ज्यादा बकाया है तो उन्होंने करीब डेढ़ लाख रुपए जमा करवा दिए थे। अब पिछली बकाया राशि में ब्याज दर जुड़ने और इस महीने का बिल जोड़ने पर ये रकम तीन लाख रुपए के आसपास होती है।
बिल नहीं जमा किया तो होगी बत्ती गुल
सिरसा निगम के एसडीओ मोहन लाल जांगड़ा ने बताया कि बिजली निगम ने जिले के उन सभी बिजली उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाया हुआ है, जो बिजली बिल जमा नहीं कर रहे हैं। अशोक तंवर भी निगम की डिफाल्टर लिस्ट में हैं। दो दिन में अशोक तंवर पर भी कार्यवाही की जाएगी। बिल भुगतान के बाद ही कनेक्शन को चालू किया जाएगा।
आधा दर्जन से ज्यादा कनेक्शन डिफाल्टर
बिजली निगम ने उन बिजली उपभोक्ताओं को अपने निशाने पर लिया है। जो पिछले काफी समय से बिल भरने में आनाकानी कर रहे थे। इनको कई मौके दिए गए। जिसके बाद भी इन्होंने बिल जमा करवाने में कोई रुचि नहीं दिखाई। जिसके चलते आठ कनेक्शनों को डिफाल्टर घोषित किया गया है। इनमें अशोक तंवर भी शामिल है। बकाया बिजली बिलों की वसूली और कनेक्शन काटने के लिए 16 टीमों का गठन किया गया हैं। 46 बकायेदारों पर कार्यवाही की जा रही है। निगम ने 38 कनेक्शनों से 6 लाख 58 हजार रुपए की रिकवरी भी कर ली है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks