जींद जिले के गांव में रास्ता रोक कर सेना कर्मी व परिवार से मारपीट, 2 सोने की चेन लूटीं
Army personnel and family attacked after blocking road in village of Jind district, 2 gold chains looted
हरियाणा न्यूज / जींद: राम नगर नरवाना निवासी महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका पति भारतीय सेना में कार्यरत है। पति का पैतृक गांव ढाकल है। दीपावली की शाम को करीब 5 बजे वह अपने पति व देवर के साथ पैतृक गांव में मंदिर में पूजा करने के लिए गाड़ी में सवार होकर गई थी। जब वे पैतृक गांव के मंदिर में करने के उपरांत गाड़ी में वापस लौट रहे थे तो कुछ दूर जाने के बाद स्कूटी पर सवार होकर गांव ढ़ाकल निवासी 3 युवक रॉबिन, विक्रम व गौरव उर्फ मटाला आए तथा उनकी गाड़ी के सामने स्कूटी अड़ाकर उन्हें रोक लिया।
तीनों युवकों ने अचानक ही लूटपाट के इरादे से उसके पति व देवर पर लाठियों से हमला करना शुरू कर दिया। लाठियों के वार से उसका देवर बेहोश होकर गिर गया जबकि पति की टांगों पर लाठियां लगने से वह भी जमीन पर गिर गया। वह 4-5 माह की गर्भवती है, पति व देवर पर हमला होते देखकर जब वह बीच-बचाव के लिए गाड़ी से बाहर निकली तो रॉबिन ने बदनीयती से एक हाथ से उसकी बाज पकड़ ली तथा दूसरे
हाथ से गले में डली 4 तोले सोने की चेन झपटा मारकर तोड़ ली। अन्य 2 आरोपियों ने पीछे से गला पकड़ कर उसका कमीज भी फाड़ दिया तथा उसे जोर से धक्का दिया। जिससे वह जमीन पर जा गिरी तथा गर्भवती होने की वजह से उसे भयंकर दर्द झेलना पड़ा। इसी दौरान देवर की बेहोशी टूटने पर उसने देखा कि उसके गले से भी 2 तोले सोने की चेन गायब थी। पति ने किसी तरह से फोन करके मामले की सूचना घर पर दी। जिसके बाद उसका ससुर मौके पर पहुंचा। जिसे देखकर तीनों आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग गए। पति ने दोनों घायलों को उपचार के लिए प्राइवेट साधन में नरवाना सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टरों द्वारा घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया तथा उन्हें जींद नागरिक अस्पताल रैफर कर दिया गया। बाद में पति व देवर का जींद के अस्पताल में उपचार करवाया गया है। थाने में तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत नामजद केस दर्ज करके पुलिस ने उनकी तलाश तेज कर दी है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks