Hisar airport मार्ग को अधिकारियों ने किया बंद, ग्रामीणों ने खोलकर किया प्रदर्शन |
Hisar airport latest news
तहलका न्यूज हिसार / सुनील कोहाड़
हिसार एयरपोर्ट के लिए तीन हजार मीटर लम्बी पट्टी बनाने सहित दूसरे चरण का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। कार्य को गति मिल सके इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों ने एयरपोर्ट के बीच से गुजरने वाले वैकल्पिक मार्ग को बेरिकेट्स लगाकर व मिट्टी डालकर इसे बंद कर दिया। जैसे ही इसकी सूचना ग्रामीणों को लगी तो वो तुरंत मौके पर पहुंचे और मार्ग को खुलवाया। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए अधिकारी वापिस लौट आए।
मंगलवार को एक्सईएन रजनीश सहित अन्य अधिकारियों के साथ वैकल्पिक मार्ग को बंद करवाने के लिए एयरपोर्ट पर पहुंचे। इस मार्ग को बंद करने के लिए उन्होंने बेरिकेड लगवा दिए और मिट्टी डलवा दी। ताकि वाहन मिर्जापुर चौक से होते हुए बरवाला की तरफ जाएं। जैसे ही इसकी सूचना ग्रामीणों को लगी तो ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उन्होंने मार्ग को बंद करने का विरोध करते हुए लोगों ने खुद ही बेरिकेड हटा दिए और मिट्टी को हटवाकर रास्ता खोल दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि इस सड़क मार्ग को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के बंद किया जा रहा है। इस रास्ते से हिसार और तलवंडी राणा के बीच की दूरी नौ किलोमीटर है। अगर मिर्जापुर होकर शहर की तरफ से जाए तो रास्ते में दो रेलवे फाटक हैं, यहां से शहर की दूरी करीब 29 किलोमीटर पड़ती है। यदि ढंढूर की तरफ से जाए तो उन्हें करीब 21 किलोमीटर की दूरी पड़ेगी।
बरवाला रोड बचाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष ओपी कोहली ने कहा कि डेढ़-दो साल पहले जब उन्हें भविष्य में इस सड़क मार्ग के बंद होने का पता चला तो उन्होंने संघर्ष शुरू किया था। तलवंडी राणा में 34 दिन धरना चला था। उस दौरान दुष्यंत चौटाला खुद धरनास्थल पर आए थे और उन्होंने तीन माह में सड़क बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद इस सड़क मार्ग को तैयार किया गया था। अब उनकी मांग है कि एयरपोर्ट की चहारदीवारी के बाहर-बाहर उन्हें वैकल्पिक सड़क मार्ग बनाकर दिया जाए और उसके बाद ही इस मार्ग को बंद किया जाए।
अधिकारियों के मुताबिक चहारदीवारी का निर्माण पूरा होने के बाद ही यह काम किया जाएगा। चूंकि एयरपोर्ट के बीच से एक वैकल्पिक मार्ग गुजर रहा है, जिसे बरवाला चुंगी की तरफ वाले सड़क मार्ग को बंद करने के बाद वैकल्पिक मार्ग को बनाया गया था। मगर चहारदीवारी के निर्माण के कारण इस मार्ग को भी बंद किया था।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks