डेरा प्रमुख को सजा सुनाई जाने पर आगजनी करने वाले डेढ़ दर्जन आरोपित अदालत से बरी !
Haryana news One and a half dozen accused of arson acquitted from the panipat court after Dera chief was sentenced
तहलका न्यूज हरियाणा
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख संत गुरमीत राम रहीम को पंचकूला की सीबीआई अदालत द्वारा आरोपी करार दिए जाने के विरोध में अगस्त 2017 में पानीपत में शरारती तत्वों ने आगजनी कर दी थी। जिनमें हाली पार्क में खड़ी नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली चार गाड़ियों को आग के हवाले कर दिया था। पानीपत पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। जिले में आगजनी करने व अन्य धाराओं के तहत दो मामले दर्ज किए थे। पुलिस ने निगम की गाड़ियों में आग लगाने के मामले में 18 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
सोनीपत निवासी बलवान ने 25 अगस्त 2017 को मॉडल टाउन थाने में दी शिकायत में बताया था कि उसे चार माह पहले कूड़ा उठाने के लिए ठेका मिला था। कूड़ा उठाने में लगीं 10 टाटा एस गाड़ियों को दिन भर काम में लेने के बाद हाली पार्क में खड़ा किया जाता था। 25 अगस्त की शाम को बाइक सवार कुछ युवक मुंह पर कपड़ा बंधा कर आए और उन युवकों ने उनकी चार गाड़ियों में आग लगा दी और मौके से फरार हो गए। चारों गाड़ियां जलकर राख हो गईं।
पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच करते हुए 18 डेरा समर्थको को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। मामले की सुनवाई करते हुए अतिरिक्त सत्र एवं जिला न्यायाधीश डॉ. नरेश कुमार सिंघल की अदालत ने मंगलवार को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए उन सभी 18 डेरा प्रेमियों को बरी करने का फैसला सुनाया है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks