जींद जिले के गांव में बिजली चोरी पकड़ने गई टीम से मारपीट, फोन छीनकर की वीडियो डिलीट, मामला दर्ज !
तहलका न्यूज / जींद
बिजली निगम नरवाना की टीम गांव दबलैन में बिजली चोरी को पकड़ने के लिए गई हुई थी। जब टीम को गांव में बिजली चोरी होती पाई तो लाइनमैन उसकी वीडियो बनाने लग गया। बिजली निगम की टीम को देखकर वहां पर कुछ ग्रामीण आ गए और लाइनमैन के साथ मारपीट कर उससे फोन छीन लिया। फोन में बिजली चोरी की बनाई गई वीडियो को डिलीट कर दिया और टीम को गांव से भगा दिया। पुलिस ने बिजली निगम की शिकायत पर पांच नामजद सहित अन्य ग्रामीणों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली निगम नरवाना के एसडीओ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बिजली निगम ने बिजली चोरी पकड़ने का अभियान चलाया हुआ है। उसी के तहत बिजली निगम की टीम जेई अनिल के नेतृत्व बिजली चोरी पकड़ने गांव दबलैन गई थी। टीम ने गांव के सुरेंद्र के घर में बिजली चोरी को पकड़ लिया और बिजली चोरी की वीडियोग्राफी लाइनमैन सुरजीत कर रहा था तो उसी दौरान ग्रामीण सुरेंद्र, बिंद्र, धर्मपाल, रामधारी आ गए और हाथापाई करने लगे। आरोप है कि सुरजीत से मोबाइल छीन लिया और बिजली चोरी की वीडियो को डिलीट कर दिया। आरोप लगाया गया है कि सुरेंद्र और उसकी पत्नी कमलेश ने लाइनमैन सुरजीत पर हमला कर दिया। जिसमें सुरजीत घायल हो गया। सदर थाना नरवाना पुलिस ने बिजली निगम के एसडीओ की शिकायत पर सुरेंद्र, बिंद्र, धर्मपाल, रामधारी, कमलेश के खिलाफ सरकारी कार्य मे बाधा डालने, तोड़फोड़ करने सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बिजली निगम की टीम में जेई धर्मपाल, एफएम शमशेर, लाइनमैन सुरजीत, एलएम कर्मपाल, एचसी अशोक कुमार, ईएचसी राजेश भी शामिल थे।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks