हिसार में महिला का शव मिलने से सनसनी, पति पर हत्या कर शव दबाने का शक !
आजाद नगर थाना क्षेत्र में मूंगफली के ढेर के नीचे मिला महिला का कंकाल
हिसार : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
हिसार के आजाद नगर स्थित एक फैक्ट्री में मूंगफली के छिलकों के नीचे महिला का कंकाल मिलने से आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई। फैक्ट्री के संचालक ने इसकी सूचना पुलिस को दी तो पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना स्थल का बारिकी से निरीक्षण किया और कंकाल को कब्जे में लेकर सरकारी अस्पताल भेज दिया। महिला की हत्या का शक उसके पति पर किया जा रहा है।
फैक्ट्री के संचालक सातरोड़ निवासी शुभम ने बताया कि उसने आजाद नगर क्षेत्र के मिया वाली कॉलोनी में सज्जन कुमार से उसकी फैक्ट्री किराये पर ले रखी है और वो इस फैक्ट्री में मूंगफली से दाने निकालने का काम करता है। इसके लिए उसने बिहार के निकासपुर निवासी अनोज कुमार को नौकर रखा हुआ था और वो अपनी पत्नी करीना और अपने बच्चे के साथ फैक्ट्री में ही रहता था।
शुभम ने आरोप लगाते हुए बताया कि करीब ढाई तीन महीने पहले उसका नौकर अनोज कुमार बिना कुछ बताए रात को फैक्ट्री पर ताला लगाकर भाग गया था। उसने काफी तालाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा तो उसने फैक्ट्री में काम बंद कर दिया। जब 18 सितंबर को उसने फैक्ट्री में काम शुरू करने के लिए सफाई शुरू करने के लिए मजदूरों को लगाया तो मूंगफली के छिलकों को उठा रहे थे तो कंकाल मिला, तो उसने तुरंत ही इसकी सूचना पुलिस को दी।
आजाद नगर पुलिस थाना पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और घटना स्थल का बारिकी से जांच पड़ताल करने के बाद कंकाल को कब्जे में लेकर जांच आरंभ कर दी है। फिलहाल आरोपित युवक का कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस मामले की गहनता से जांच करने में जुटी हुई है।
शुभम ने बताया कि बिहार के निकासपुर के रहने वाले अनोज कुमार ने करीना से करीब दो साल पहले लव मैरिज की थी और उन दोनों का एक बच्चा भी था। शुभम ने बताया कि जब अनोज कुमार फैक्ट्री से भागा था तो उस समय उसने अपने सारे सामान को चैक किया था तो कुछ भी चोरी हुआ नहीं मिला और ना ही उसका फोन मिला। बल्कि फैक्ट्री के गेट पर ताला लगा हुआ मिला था। इसी कारण उसने उस दौरान पुलिस में कोई शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks