दरोगा ने पत्नी व बेटी को मारी गोली, बेटी की मौत, पत्नी पीजीआई में भर्ती
दरोगा ने पत्नी व बेटी को मारी गोली, बेटी की मौत, पत्नी पीजीआई में भर्ती
बहादुरगढ़ एक सब इंस्पेक्टर ने अपनी बेटी व पत्नी पर गोली चला दी। जिसके कारण बेटी की मौत हो गई। जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसको ईलाज के लिए रोहतक पीजीआई में भर्ती करवाया गया है। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। बुधवार को युवती के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। फिलहाल आरोपित सब इंस्पेक्टर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव माडोठी निवासी संत कुमार हरियाणा पुलिस में सब इंस्पेक्टर के पद पर सोनीपत में कार्यरत है और वो मंगलवार को अपने घर पर आया हुआ था।
किसी बात को लेकर आपस में कहा सुनी हो गई। जिसके कारण तैस में आकर संत कुमार ने गोली चला दी। एक गोली बेटी शताक्षी के चेहरे पर लगकर आर-पार हो गई। जबकि उसकी पत्नी सरोज को भी गोली लगी। उसको परिजन पीजीआई रोहतक ले गए। इधर, शताक्षी की सांस थमी हुई थी। उसे बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल लाए तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दी। सूचना पाकर आसौदा थाना और मांडोठी चौकी पुलिस हरकत में आई। शव को नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया। जबकि एक अन्य टीम घायल के बयान लेने पीजीआई रोहतक गई। महिला सरोज की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। देर शाम तक इस संबंध में केस दर्ज नहीं हो सका था। सब इंस्पेक्टर संत पर अपनी सर्विस रिवाल्वर से वारदात को अंजाम देने का आरोप है। उसने यह कदम क्यों उठाया, अभी यह स्पष्ट नहीं है। घायल सरोज के बयान के बाद मामले की हकीकत सामने आने की संभावना है। आरोपित को हिरासत में लिए जाने की भी सूचना है।
आसौदा थाना प्रभारी बाबूलाल ने कहा कि मांडोठी में हत्या की वारदात हुई है। सब इंस्पेक्टर पर आरोप है। मामले में जांच की जा रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks