जर्मन गोरी का दिल आया हरियाणा के छोरे पर, हिंदू लड़के की शादी होगी चर्च में !
German blonde fell in love on the edge of Haryana, Hindu boy will be married in church
तहलका न्यूज
जर्मनी की एक गोरी मेम हरियाणा के गबरु जवान छोरे को दिल दे बैठी। दोनों के बीच करीब दो साल पहले दोस्ती हुई थी। इस दौरान दोनों ने एक-दूसरे को समझा और गोरी मेम को हरियाणा की संस्कृति पसंद आ गई। एक साल पहले वह अपने हरियाणवी दोस्त के साथ उसके परिवार से मिलने भारत आई थी। करीब पन्द्रह दिनों तक हरियाणा में रहकर हरियाणा के रहन सहन व परिजनों के आव भाव को समझा। हरियाणा के रहन सहन व परिवार से मिले प्यार से प्रभावित होकर गांव के छोरे के साथ शादी करने का मन बना लिया। शादी में कोई कानूनी अड़चन पैदा ना हो इसके लिए उन दोनों ने पहले कोर्ट मैरिज की है। गोरी मेम के पिता के आने के बाद पहले चर्च में शादी का कार्यक्रम किया जाएगा, उसके बाद हरियाणवी संस्कृति के मुताबिक शादी समारोह आयोजित करने का फैसला किया है। ताकि बड़े बुजुर्गो से दोनों को आशीर्वाद लिया जा सके।
हरियाणा के गांव से जुड़े सुमित ने मुंबई में बीटेक की पढ़ाई पूरी करने के 3 साल बाद सुमित का एमबीए के लिए जर्मनी के विश्वविद्यालय में चयन हो गया। इन तीन सालों तक सुमित ने अमेरिका की एक कंपनी में नौकरी की और सुमित एमबीए की पढ़ाई करने के लिए नौकरी छोड़ 3 साल पहले जर्मनी के बर्लिन शहर जा पहुंचा चला गया था। यहां पर एक रेलवे स्टेशन पर सुमित की मुलाकात जर्मनी निवासी पीयामलीना से हो गई। धीरे धीरे मुलाकात बढ़ती गई और आपस में बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। ये मुलाकातें कब दोस्ती में बदल गई दोनों को पता ही नहीं चला। दोनों के बीच में नजदीकियां बढ़ती जा रही थी। पीयामलीना सुमित के मोबाइल में हरियाणवी संस्कृति से संबंधित वीडियो देखती तो वो हरियाणवी कल्चर व भारतीय संस्कृति से बहुत ही प्रभावित हो गई।
भारतीय संस्कृति को देख पीयामलीना इस कदर उत्साहित हुई कि उसने भारत आने का मन बना लिया। वो सुमित के साथ पिछले साल सोनीपत जिले के गांव मुंडलाना आ गई। पीयामलीना करीब पन्द्रह दिनों तक सुमित के परिजनों के साथ रही। वापस जर्मनी जाते समय सुमित अपने पिता हरिओम की बीमारी के चलते उसके साथ नहीं जा सका। जिसके कारण पीयामलीना को अकेले ही जर्मनी जाना पड़ा। जर्मनी जाने के बाद पीयामलीना का वहां पर सुमित के बगैर दिल नहीं लगा। जाने उसका कुछ खो गया है। पीयामलीना समझ चुकी थी कि उसको सुमित से प्यार हो गया है।क्योंकि दोनों को पता ही नहीं चला कि उनके बीच की ये दोस्ती कब प्यार में बदल गई।
पीयामलीना के पिता चीन में जर्मनी दूतावास में नौकरी करते हैं। बेटी की शादी के लिए वो जर्मनी आने के लिए अर्जी दे चुके हैं, लेकिन अभी तक उन्हें जर्मनी आने की मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में पीयामलीना ने बताया कि उनके पिता के आने के बाद चर्च में कार्यक्रम आयोजित कर जर्मनी कल्चर से शादी की जाएगी। उसके बाद भारत आकर हरियाणवी रीति रिवाज से शादी के अटूट बंधन में बंध कर एक बड़ा समारोह धूमधाम से मनाएंगे।
सुमित के पिता सोनीपत जिले के गांव मुंडलाना निवासी हरिओम रिटायर्ड फौजी हैं। सुमित उनका इकलौता बेटा है। सुमित की शादी को लेकर घर में खुशी की माहौल बना है। हरिओम ने बताया कि बच्चों की खुशी में ही उनकी खुशी है। शादी समारोह में पूरा परिवार जर्मनी जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks