जींद : प्रशासनिक अमला पहुंचा अवैध कब्जा छुड़वाने दो लोगों ने निगला जहर, एक की मौत
8 एकड़ पंचायती भूमि पर अवैध कब्जा करके की थी फसल की बिजाई
नरवाना : तहलका न्यूज
नरवाना क्षेत्र के गांव बड़नपुर में आठ एकड़ पंचायती जमीन पर हुए अवैध कब्जे को छुड़वाने के लिए शनिवार को प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचे थे और कारवाई शुरू की तो दो लोगों ने अज्ञात परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिससे एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दूसरे को गंभीर हालत में हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं प्रशासन कारवाई को बीच में ही बंद कर बैंकिंग लौट आया।
जींद जिले के बड़नपुर गांव की पंचायती जमीन के आठ एकड़ पर गांव के लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर फसल की बिजाई की हुई थी। पंचायत विभाग के उच्च अधिकारियों के आदेश पर इस कब्जे को छुड़वाने के लिए शनिवार को प्रशासनिक अमला भारी पुलिस बल के साथ गांव में पहुंचा था। जिसमें नरवाना के नायब तहसीलदार सुरेंद्र को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था और उचाना के बीडीपीओ सुरेंद्र खटकड़ की ड्यूटी लगाई गई थी। जैसे ही प्रशासन ने कब्जा करके उगाई गई फसल को नष्ट करने के लिए ट्रैक्टर से जुताई की जाने लगी तो इसकी भनक ग्रामीणों को लग गई। तो वो तुरंत ही खेत में विरोध करने पहुंचे, लेकिन भारी संख्या में पुलिस बल को देख वो विरोध नहीं कर पाए तो 65 वर्षीय इंद्र सिंह व 58 वर्षीय बलराज ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। परिजन तुरंत ही उन दोनों को नरवाना के अस्पताल में लेकर पहुंचे तो डाक्टरों ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अग्रोहा मैडिकल कॉलेज रैफर कर दिया। उसके बाद परिजन उन्हें अग्रोहा की बजाय हिसार के निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे। जहां पर उपचार के दौरान इंद्र सिंह ने दम तोड़ दिया।
वहीं प्रशासन ने दोनों के जहरीला पदार्थ निगलने की सूचना मिलते ही कब्जा छुड़वाने की कार्रवाई को बीच में ही बंद कर दिया और बैंकिंग लौट गए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नायब तहसीलदार सुरेंद्र ने बताया कि पंचायती जमीन पर कब्जा कार्रवाई के लिए टीम पहुंची थी। जब कार्रवाई की जा रही थी तो दो लोगों ने अज्ञात परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिस पर कब्जा हटाने की कार्रवाई को रोक दिया गया।
इस संबंध में नरवाना सदर थाना प्रभारी विजेंद्र सिंह ने बताया कि पंचायती जमीन पर कब्जा छुड़वाने के लिए बड़नपुर गांव में उच्च अधिकारियों के आदेश पर पहुंचे तो दो लोगों ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिसके बाद कारवाई को रोक दिया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks