सोरखी, सीसर खरबला सहित इन गांवों के लोगों को पुलिस में शिकायत दर्ज करवाने नहीं जाना पड़ेगा बास थाने में - ADGP श्रीकांत जाधव
Hansi news : ADGP Shrikant Jadhav inaugurated police post at village Sorkhi and Hansi bus stand
तहलका न्यूज हांसी , सुनील कोहाड़ ।
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक श्रीकांत जाधव ने सोमवार को थाना बास के अधीन आने वाले गांव सोरखी में पुलिस चौकी का उद्घाटन किया । इसके अतिरिक्त उन्होंने हांसी बस स्टैण्ड पर नई पुलिस चौकी का भी लोकार्पण किया । इस अवसर पर उनके साथ पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद भी उपस्थित थे ।
गांव सोरखी में पुलिस चौकी का उद्घाटन करने उपरांत एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस प्रशासन लोगों की मदद के लिए 24 घंटे तैयार रहता है । कोई भी व्यक्ति अपने साथ होने वाले अपराध की सूचना पुलिस चौकी पर कभी भी आकर दर्ज करवा सकता है । पुलिस महिलाओं, गरीबों व वंचित लोगों की मदद के लिए हमेशा तैयार रहती है ।
उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस का सहयोग करें और अपने गांव के आपराधिक प्रवृति के लोगों की गतिविधियों पर नज़र रखे व उन्हें आपसी भाईचारे के साथ इस तरह की गतिविधियों में लिप्त ना होने के लिए प्रेरित करें । उन्होंने युवाओं से हर प्रकार के नशे से बचने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति गांव में नशा बेचने के कार्य में लगा हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस चौकी मे दें । किसी भी प्रकार का नशा ना सिर्फ हमारे युवाओं के लिए खतरनाक है बल्कि पूरे समाज के लिए नुकसानदायक है ।
पुलिस अधीक्षक मकसूद अहमद ने कहा कि स्थानीय निवासियों की मांग पर यह पुलिस चौंकी बनाई गई है । इस पुलिस चौकी के बनने से क्षेत्र में अपराधों पर नियंत्रण होगा और नशे की रोकथाम में मदद मिलेगी । उन्होंने कहा कि सोरखी गांव के लोगों को किसी भी फरियाद के लिए बास थाना जाना पड़ता था । सोरखी में ही पुलिस चौकी के निर्माण से लोगों के काफी सहूलियत हो जाएगी ।
उन्होंने कहा कि सोरखी पुलिस चौकी के इंचार्ज उप निरीक्षक सुरेश कुमार को नियुक्त किया गयाहै तथा इसमें कुल 22 पुलिस कर्मचारी तैनात रहेंगे । चौकी के अंतर्गत गांव सोरखी, बांडा हेड़ी, सीसर, खरबला, मेहंदा, गढी व मेंहदा ढाणी आएंगे ।
एडीजीपी ने हांसी बस स्टैण्डचौंकी का भी रिबन काटकर उद्घाटन किया । सब इंस्पेक्टर खेता राम को बस स्टैण्ड चौंकीका इंचार्ज नियुक्त किया गया है । इस चौकीमें कुल 28 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे । इस चौकी के अधिकार क्षेत्र में अंबेडकर चौक,बड़सी गेट, अग्रसेन चौंक, जींद चुंगी, काली देवी चौक, तोशाम चुंगी, मॉडल टाउन, रामसिंह कॉलोनी आदि क्षेत्र आएगा ।
इसअवसर पर उप पुलिस अक्षीक्षक रविन्द्र सिंह सांगवान, उप पुलिस अधीक्षक प्रदीप यादव, धर्मबीर रतेरिया, पार्षद नितेश कुमार व सरपंच एसोसिएशन का प्रधान नरसिहं दुहन, गांव सोरखी के सरपंच प्रतिनिधी उपस्थित थे ।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks