नारनौंद क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसानों को नहीं मिला मुआवजा, सीएम व पीएम के नाम सौंपा ज्ञापन
किसानों ने मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मुआवजा दिलाने की उठाई मांग
तहलका न्यूज / नारनौंद,
नारनौंद क्षेत्र के दर्जनों गांवों के किसानों को 2022 की कपास की फसल का मुआवजा नहीं मिलने से किसानों ने बास के तहसीलदार को मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा है। किसानों का कहना है कि जिन किसानों ने दूसरे बैंकों से फसल बीमा करवाया था उनका क्लेम मिल चुका है। लेकिन बास के पंजाब नेशनल बैंक के अंतर्गत जिन किसानों ने फसल बीमा करवाया था उन किसानों को बीमा नहीं मिला है।
किसान बीरेंद्र मोर, राजा लाठर, जगबीर सिंह, अजमेर, सुरेश दिलबाग सिंह, नरेश कुमार, जगत सिंह, कुलदीप, अमित मोर, कृष्ण, विजेंद्र व संदीप इत्यादि ने बताया कि उन्होंने बास गांव के पंजाब नेशनल बैंक से किसान कार्ड बनवाया हुआ है। जबकि इन्हीं गांवों के लोगों ने जिन किसानों ने दूसरे बैंकों से बीमा करवाया हुआ था उन सभी किसानों को 16 हजार रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा मिल चुका है।
किसानों ने बताया कि बैंक कर्मचारियों ने उनके बैंक खाते से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमे के लिए प्रीमियम काट लिया। लेकिन जब खरीफ 2022 की कपास की फसल का नुकसान हुआ और उन्होंने मुआवजा के लिए अप्लाई किया तो उनको मुआवजा नहीं दिया गया। अगर जल्द ही सरकार व प्रशासन द्वारा उनको मुआवजा नहीं दिलाया गया तो वह बड़ा आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
इन गांवों के किसानों को नहीं मिला मुआवजा
गांव बास खुर्द, बास आजम शाहपुर, बास अकबरपुर, बास बादशाहपुर, मदनहेड़ी, पुट्ठी, बडाला, सिसर, खरबला, भकलाना सहित दर्जनों गांवों के किसानों ने बास गांव पंजाब नेशनल बैंक से बीमा पॉलिसी कार्रवाई हुई है। उसके बावजूद भी इन्हें फसल खराबे का मुआवजा नहीं मिला है।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks