कर्मचारियों को प्रताड़ित कर रहा जनस्वास्थ्य विभाग प्रशासन : गौतम
Haryana news hisar public health department administration is harassing employees : Gautam
हिसार
हरियाणा गवर्नमेंट पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन की जनस्वास्थ्य विभाग शाखा द्वारा कर्मचारियों के हो रहे शोषण व फील्ड कर्मचारियों की लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर कार्यकारी अभियंता मंडल नंबर-2 के कार्यालय के समक्ष सोमवार को पांचवें दिन भी प्रदर्शन किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता ब्रांच प्रधान दीपक लोट ने की तथा संचालन ब्रांच सचिव विकास गोस्वामी ने किया। यूनियन के जिला प्रधान नरेश गौतम व जिला सचिव अभयराम फौजी ने कहा कि जिस प्रकार से मांगों का समाधान करने की बजाय कर्मचारियों को प्रताड़ित किया जा रहा है उसे संगठन सहन नहीं करेगा।
यूनियन के ब्रांच प्रधान दीपक लोट व सचिव विकास गोस्वामी ने बताया कि मांगों को लेकर संगठन द्वारा लिखित व मौखिक रूप से अनेकों बार अधिकारियों को अवगत करवाया गया है। सरकार के दिशा निर्देश अनुसार विभाग में कार्यरत
कर्मचारियों का अनुभव पोर्टल पर दर्ज किया जाए, जिसके आधार पर उन्हें उचित वेतन मिल सके। कर्मचारियों के काटे जा रहे ईपीएफ का ब्यौरा दिया जाए। ईएसआइ कार्ड जारी किए जाएं और बनाए गए ईएसआइ कार्डों की त्रुटियों को दूर किया जाए। इसको लेकर कर्मचारियों में भारी रोष है। कर्मचारियों के रोष को देखते हुए संगठन द्वारा कार्यकारी अभियंता जनस्वास्थ्य मंडल नंबर दो के कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी किया हुआ है।
यूनियन की तीनों विंगों जनवास्थ्य, बीएंडआर व सिंचाई विभाग के हजारों कर्मचारी आंदोलन में शामिल हो जाएंगे। धरने को सर्व कर्मचारी संघ के जिला सह सचिव अशोक सैनी, ब्लाक प्रधान ओमप्रकाश माल, पवन शर्मा, सुरेंद्र चहल, अशोक शर्मा, राकेश शर्मा, अजय डाबड़ा, अनूप फौजी, रमेश शर्मा, राजेश शर्मा, रामसुरत, अशोक पुनिया, बृजलाल आदि ने भी संबोधित किया।


कोई टिप्पणी नहीं
Thanks