सेक्टर 1-4 की सफाई व्यवस्था हाथों में लेने से निगम का इनकार
Haryana news hisar Corporation's refusal to take over cleaning system of Sector 1-4
हिसार
सेक्टर 1-4 की सफाई व्यवस्था अपने हाथों में लेने से नगर निगम प्रशासन ने साफ इनकार कर दिया है। सेक्टरवासियों ने कहा कि निगम का तर्क है कि उनके पास संसाधनों की कमी है। ऐसे में नगर निगम प्रशासन सेक्टर 1-4 की भी सफाई व कचरा संग्रहण का कार्यभार नहीं ले सकता है। इस तर्क के साथ निगम प्रशासन ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के प्रशासक को उनके पत्र का जवाब भेज दिया है।
एक तरफ जहां निगम ने सेक्टर की साफ सफाई से इनकार कर दिया वहीं दूसरी तरफ परेशानी सेक्टरवासियों ने एचएसवीपी के संपदा अधिकारी (ईओ) से जवाब तलब कर दिए हैं। ईओ राजेश खोध ने सेक्टरवासियों की बात सुनी और उनके समाधान के बारे में सेक्टरवासियों से चर्चा कर एचएसवीपी की आगामी प्लानिंग से अवगत करवाया। ईओ के समझाने पर परेशान सेक्टरवासी शांत हुए और अपनी मांगों को जल्द पूरा करने की बात कहीं सेक्टर 1-4 की आरडब्ल्यूए के प्रधान दीपक सूरा के नेतृत्व में यशवीर मलिक, सलाउद्दीन, राजकुमार रेड्डू, धर्मपाल, अनुमान प्रसाद बिश्नोई, रामरति, कौशल खेदड़ और पार्षद अमित ग्रोवर भी इस मीटिंग में मौजूद रहे। उन्होंने ने सेक्टर की समस्याओं पर ईओ कार्यालय में उनसे बातचीत की। ईओ ने निगम से किए पत्राचार की प्रतियां सेक्टरवासियों को दिखाकर अपने द्वारा किए जा रहे प्रयासों से अवगत करवाया। साथ ही सेक्टरवासियों को जनसमस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया।
सेक्टर निवासी सलाउद्दीन ने बताया कि ईओ ने उन्हें आश्वासन दिया है कि एक जून के बाद सेक्टर में वे कचरा संग्रहण के बारे में टेंडर लगवाकर उसे सिरे चढ़वाएंगे। इस समय अवधी तक ठेकेदार के कारिंदों के माध्यम से कचरा संग्रहण से लेकर सफाई का कार्य करवाया जाएगा। इसके अलावा जेसीबी के माध्यम से झाड़ियां हटवाई जाएंगी।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks