विकास व रोजगार देने में नहीं अपराध और बेरोजगारी में नंबर वन बना हरियाणा
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने भाजपा जजपा गठबंधन सरकार पर साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा । फाईल फोटो।सोनीपत : तहलका न्यूज
आज प्रदेश में लूट खसोट मची हुई है, चारों तरफ गुंडों का बोलबाला है और प्रदेश की जनता अपने आप को असुरक्षित महसूस कर घरों में दुबकने के लिए मजबूर है। वहीं सरकार अपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने में नाकाम साबित हो रही है और पूरे प्रदेश में बिजली कटौती को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। उक्त शब्द हरियाणा विधानसभा में विपक्ष के नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सोनीपत के सुखदेव ढाबा में कांग्रेसी विधायकों से मुलाकात करते हुए कहे।
उन्होंने कहा कि उनके शासन में प्रदेश विकास, रोजगार के मामले में नंबर वन हुआ करता था लेकिन हरियाणा में 2014 के विधानसभा चुनाव के बाद प्रदेश में लगातार बेरोजगारी बढ़ रही है और रोजगार देने में नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जजपा गठबंधन सरकार रोजगार के अवसर तलाशने में विफल साबित हुई है। वहीं 2014 के आम चुनाव के बाद प्रदेश में ना ही तो कोई बिजली उत्पादन कारखाना लगा और ना ही कोई विकास का अन्य कोई काम हुआ। गठबंधन सरकार हमारे द्वारा शुरू की गई विकास परियोजनाओं के नाम बदलकर राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नितियों की वजह से बेरोजगारी बढ़ी हुई है। वहीं अपराधों का ग्राफ भी तेजी से बढ़ रहा है। हर तरफ लूट, खसोट मची हुई है, आए दिन हत्या, डकैती, फिरौती, महिलाओं पर अत्याचार के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले हरियाणा विकास और रोजगार के मामले में नंबर वन था। जोकि भाजपा जजपा गठबंधन सरकार के कार्यकाल में विकास और रोजगार के मामलों में पिछड़ कर बेरोजगारी और अपराध में नंबर वन हो गया है।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks