हांसी - मजदूर को बिजली निगम ने थमाया 3 लाख का बिल, सदमे में परिवार
बिल की रकम देख सदमे में मजदूर का परिवार
हल करने की बजाय मीटर उखाड़ ले गए निगम कर्मचारी
हांसी - तहलका न्यूज
बिजली निगम के कारनामों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है, अब इसमें हांसी का नया कारनामा जुड़ गया है। बिजली निगम के इस कारनामें का खामियाजा गरीब मजदूर परिवार को भुगतना पड़ रहा है। यह मामला हांसी की जगदीश कॉलोनी का है। यहां बिजली निगम के कर्मचारियों की लापरवाही से मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करने वाले गुलाब के घर का 2 महीने का बिजली बिल 2 लाख 92 हजार 765 रुपए का बिजली बिल भेजा गया। बिजली बिल जमा नहीं करवाने की एवज में निगम के कर्मचारी दो दिन पहले उसके घर का कनेक्शन काट मीटर उखाड़ कर ले गए।
पीड़ित ने निगम कर्मचारियों पर लगाए आरोप
यहीं नहीं पीड़ित द्वारा इतना भारी भरकम बिल जमा न करवाने के कारण विभाग के अधिकारियों ने बिजली का कनेक्शन भी काट दिया और वहां से मीटर उखाड़ कर साथ ले गए। पीड़ित मजदूर के बेटे रवि ने बताया कि उन्होंने पिछले सभी बिलों का बकाया 6 अक्टूबर को 6500 रुपए जमा करवाकर पूरा भुगतान कर दिया था, उसके बावजूद भी बिजली विभाग के लापरवाह अधिकारियों ने इतना ज्यादा बिल हमें थमा दिया। पीड़ित मजदूर ने आरोप लगाते हुए कहा कि बिजली विभाग के दफ्तरों के चक्कर काटने के बाद भी बिल ठीक करने की बजाय उनके घर का कनेक्शन कट कर खंभे पर लगे मीटर को उखाड़ कर ले गए।
क्या कहते हैं बिजली निगम के एसडीओ
बिजली निगम के एसडीओ रणबीर सिंह रंगा ने बताया कि जगदीश कालोनी में बिजली बिल ज्यादा आने की जानकारी मिली है। बिल की जांच करवाई जा रही है। अगर बिजली बिल में टेक्निकल फाल्ट है और उसके कारण ज्यादा आया है तो उसे ठीक कर दिया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks