अब चलेगा प्रशासन का डंडा, पशुओं को बेसहारा छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ की जाएगी सख्त कार्यवाही !
Strict action will be taken against those who leave pets destitute
एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह अहलावत ने अधिकारियों को दिए सख्त आदेश
तहलका न्यूज / हांसी, हिसार
शहरों में अक्सर लोग गलत तरीके से अपने मकानों में पशुओं को रखते हैं और सुबह दूध निकालने के बाद पशुओं को घरों से बाहर निकाल देते हैं जिसके कारण पशु सारा दिन बेसहारा होकर सड़कों पर इधर-उधर घूमते रहते हैं और इनकी वजह से आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं हिसार शहर के सुंदर नगर, पड़ाव चौक, आजाद नगर, अमरदीप कालोनी सहित अनेक कालोनियों में अवैध तरीके से पशुओं को रखा जाता है और सुबह दूध निकालने के बाद उन्हें सड़कों पर इधर-उधर घूमने के लिए छोड़ दिया जाता है। भले ही हिसार नगर निगम प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। परंतु हांसी शहर की भी अनेक कालोनियों में अवैध तरीके से पशुओं को रखने को लेकर एसडीएम डॉ जितेंद्र सिंह अहलावत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पालतू पशुओं को बेसहारा छोड़ने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्यवाही करें।
अहलावत सोमवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की एक बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अक्सर देखने में आता है कि कुछ लोग पशुओं को दूहने के बाद उन्हें बेसहारा छोड़ देते हैं जो सड़कों पर इधर-उधर घूमते रहते हैं जिसके कारण सड़क दुर्घटनाएं हो जाती हैं। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ऐसा करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस थानों में जाकर एफ आई आर दर्ज करवाएं और और विभागीय आवश्यक कार्यवाही भी अमल में लाना सुनिश्चित करें।
एसडीएम ने नगर परिषद के अधिकारियों से कहा कि वह शहर की सड़कों से तुरंत अतिक्रमण हटवाना सुनिश्चित करें और दोबारा से अतिक्रमण ना हो इसके लिए समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाते रहे। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं के आस -पास आवश्यकतानुसार साइन बोर्ड अवश्य लगाएं ताकि लोगों को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो। उन्होंने निर्माण कार्यों से जुड़े सभी विभागों के अधिकारियों से कहा कि आपसी तालमेल के साथ विकास परियोजनाओं को तेजी से सिरे चढ़ाएं और सभी निर्माणाधीन विकास कार्यों को त्वरित आधार पर निर्धारित समयावधि में पूरा करवाया जाए।
एसडीएम ने कहा कि पिछले दिनों काफी ठंड पड़ी है। संभवत ठंड के कारण कई फसलों को नुकसान भी हुआ होगा। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की किस फसल को कितना नुकसान हुआ है उसका आंकलन कर रिपोर्ट भिजवाना सुनिश्चित करें। डॉ जितेंद्र सिंह अहलावत ने उपमंडल में निर्माणाधीन और निकट भविष्य में शुरू होने वाले विकास कार्यों की एक- एक समीक्षा की। अधिकारियों ने एसडीएम को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग से अनीपुरा गांव तक सड़क निर्माण को लेकर प्राथमिक प्रस्ताव को मंजूरी प्राप्त हो गई है। शहर में स्ट्रीट लाइटों की रिपेयर को लेकर जल्द ही को टेंडर खोला जाएगा।
बैठक में तहसीलदार अनिल कुमार ,खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी धर्मपाल , एस एम ओ राहुल बुद्धि राजा, सीडीपीओ मीना नागपाल तथा निर्माण कार्यों से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks