खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह ने रेवाड़ी में दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का किया शुभारंभ
खेलों के मामले में निरंतर आगे बढ़ रहा हरियाणा: संदीप सिंह
रेवाड़ी, 20 अगस्त।
हरियाणा के खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह ने शनिवार को रेवाड़ी स्थित पुराना रामलीला ग्राउंड में जिला फुटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभांरभ किया। उन्होंने कहा कि खेलों के मामले में हरियाणा निरंतर आगे बढ़ रहा है,साथ ही प्रदेश के खिलाडिय़ों की अपने आप में अनूठी पहचान है। उन्होंने कहा कि कॉमनवेल्थ गेम्स में देशभर के दो सौ खिलाडिय़ों ने भाग लिया,जिसमें 61 मैडल में से हरियाणा के खिलाडिय़ों ने 20 मेडल जीतकर देश और विदेशों में हरियाणा का गौरव बढ़ाया है। मात्र अढ़ाई प्रतिशत की आबादी से हरियाणा जाना जाता है,उसमें 33 प्रतिशत मैडल जीतकर लाना अच्छी बात है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा रेवाड़ी को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जिला के गांव कंवाली में हॉकी मैदान को बहुत जल्द ही टर्फ में बदला जाएगा। इसके अलावा रेवाड़ी में फुटबॉल नर्सरी के साथ ही कोच की भी व्यवस्था की जाएगी। प्रदेश भर में कार्यरत विभिन्न विधाओं के कोच भी अच्छा काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा की खेल,शिक्षा सहित अन्य पॉलिसी की दूसरे राज्य भी अनुशरण कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अगले माह नैशनल खेल होने जा रहे हैं, इसको लेकर एक रोज पूर्व उन्होंने गुरुग्राम में बैठक की है,अगले कुछ दिनों में फुटबॉल के लिए ट्रॉयल होना है,ऐसे में हमें खिलाडिय़ों को अभी से तैयार करना होगा।
विदेशी धरा पर देश के खिलाडिय़ों ने परक्रम के बल पर 61 बार लहराया तिरंगा खेल राज्य मंत्री संदीप सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में हर घर तिरंगा अभियान चलाया गया है,और आज भी घरों की छतों पर तिरंगा लहरा रहा है। लेकिन हमारे लिए एक सौभाग्य की बात है कि जिस देश ने पूरी दुनिया पर राज किया हो,उस देश के ऊपर भारत के खिलाडिय़ों ने कॉमनवेल्थ गेम्स में 61 बार तिरंगा झंडा लहराया और 22 बार गोल्ड मेडल आने पर राष्ट्रीय गान बजना,हमारे देशवासियों के लिए खुशी की बात है। उन्होंने इसके लिए खिलाडिय़ों का धन्यवाद व्यक्त किया,जिनकी बदौलत वहां तिरंगा फहराया गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मेडल विजेता खिलाडिय़ों का हाल ही में गुरुग्राम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सम्मान किया है। साथ ही खेल मामलों में आगे बढऩे का आशीर्वाद भी दिया है। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग मले रहे खिलाडियों का अपना आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस दो दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता में हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा राजस्थान की टीम भी भाग ले रही हैं, वे सभी टीमें बधाई की पात्र हैं।
फुटबॉल खेल विधा को लेकर सरकार सजग
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए फुटबॉल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू ने मुख्य अतिथि खेल एवं युवा मामले राज्य मंत्री संदीप सिंह का स्वागत करते हुए कहा कि अहीरवाल क्षेत्र देश की सेनाओं के साथ ही खेलों में भी अच्छी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि रेवाड़ी जिला में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि आज युवा पीढी की बदौलत खेल परंपरा आगे बढ रही है। इस तरह की खेल प्रतियोगिता का आयोजन समय समय पर होना जरूरी है। खेलों को लेकर सरकार पूरी तरह सजग है।
हरको बैंक के चेयरमैन एवं फुटबॉल एसोसिएशन के जि़लाअध्यक्ष डा अरविंद यादव ने कहा वर्तमान प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में खेलों को बढावा देने के लिए कटिबद्ध है तथा सरकार खेलों के समग्र विकास के लिए काम कर रही है। आज परिस्थितियां बदल रही हैं, जितनी शिक्षा जरूरी है,उतने खेल भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिला रेवाड़ी में फुटबॉल विधा को आगे बढ़ाने के लिए सार्थक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में आधा दर्जन से ज्यादा टीमें भाग ले रही हैं।
इन गणमान्य व्यक्तियों की रही उपस्थिति
इस मौके पर जिला खेल अधिकारी मदनपाल,कोच जसवंत सिंह,एडवोकेट नवीन जांगड़ा,डा आरबी यादव, प्रदेश मीडिया प्रभारी सत्यव्रत शास्त्री,कर्नल रणबीर सिंह,नरेश चौहान,डीएसपी सुभाष चंद्र,अमरजीत यादव, आलोक भांडोरिया,नवीन सैनी, डा ईश्वर यादव,सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

.jpeg)
.jpeg)
कोई टिप्पणी नहीं
Thanks