जंतर-मंतर पर किसानों का प्रदर्शन आज, किसानों को टीकरी बॉर्डर पर रोकने पर हंगामा !
टीकरी बार्डर पर दिल्ली के चार थानों की पुलिस ने संभाली व्यवस्था।
बहादुरगढ़ : सूत्र
दिल्ली में प्रदर्शन करने जा रहे किसानों को रविवार देर शाम टीकरी बॉर्डर पर दिल्ली पुलिस ने रोक लिया। पुलिस ने किसानों की बसों को वापस हरियाणा की ओर भेज दिया। इससे नाराज किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामा होता देख पुलिस ने उच्चाधिकारियों से वार्ता कर बसों को दिल्ली में प्रवेश दे दिया।
निजी साधनों में सवार होकर किसान राजधानी दिल्ली के टीकरी बॉर्डर पर पहुंचे। यहां पुलिस ने किसानों के नाम और मोबाइल नंबर नोट कर गाड़ी को यू-टर्न दिलवा दिया। दिल्ली पुलिस ने कहा कि उन्हें किसानों को राजधानी में प्रवेश नहीं कराने के आदेश हैं, इससे किसान भड़क गए और वहीं पर दिल्ली पुलिस व भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। माहौल गर्माता देख दिल्ली पुलिस के जवानों ने उच्च अधिकारियों से बातचीत कर किसानों को दिल्ली में प्रवेश करने दिया। लेकिन उनके मोबाइल नंबर वन नाम पता नोट कर लिया।
किसानों का जत्था दिल्ली पहुंचा तो दिल्ली पुलिस ने टीकरी बार्डर पर किसानों को रोकने के लिए कंक्रीट व लोहे की बेरिकेटिंग की हुई थी। पुलिस ने किसानों को यू टर्न लेकर वापिस जाने के लिए कहा। लेकिन किसान घर जाने के बजाय टीकरी बॉर्डर पर ही जम गए और दिल्ली पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। करीब 10 मिनट बाद पुलिस अधिकारियों ने किसानों को दिल्ली जाने के लिए रास्ता दे दिया और वो शांति पूर्वक तरीके से दिल्ली में प्रवेश कर गए।
वहीं दिल्ली में जंतर-मंतर पर सोमवार को होने वाले प्रदर्शन के लिए किसानों के कई जत्थे ट्रेन , बसों व निजी वाहनों से बहादुरगढ़ पहुंचे। इनमें अधिकतर किसान भाकियू सिद्धपुर से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। हालांकि देर शाम तक ये शहर में ही डटे थे। दिल्ली व हरियाणा पुलिस फिलहाल शांत है, लेकिन सीआईडी व अन्य जवान सादी वर्दी में इन पर नजर बनाए हुए है।
हालांकि संभावना है कि ये जत्थे सोमवार तड़के दिल्ली निकल सकते हैं। किसानों का कहना है कि अभी तो सिर्फ सरकार हो चेताने आए हैं। उधर फिर से किसान आंदोलन की घोषणा के चलते स्थानीय लोगों और व्यापारी भी चिंतित हैं। उन्हें डर है कि कहीं फिर से आंदोलन शुरू हो गया तो दिक्कतें हो सकती हैं।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks