बरसात ने हरियाणा में मचाई तबाही, उफान पर नदियां और पुल टूटे, कई जिलों में स्कूल बंद
Rain wreaks havoc in Haryana, rivers and bridges break in spate, schools closed in many districts
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जिला उपायुक्तों के साथ की आपात बैठक, नदियों में आए पानी के तेज बहाव के बीच कई पुल टूटे, नदियों के किनारे बहे
तहलका न्यूज चंडीगढ़ । हरियाणा में पिछले तीन दिन से हो रही भारी बरसात ने काफी तबाही मचा दी है। लगातार हो रही बरसात और हिमाचल से आए पानी से लगभग सभी नदियों का जलस्तर अपने निर्धारित जलस्तर काफी ऊपर पहुंच गया है। मौजूदा हालातों की बात करें तो कई शहरों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। लोगों के घरों में पानी घुस गया है। इस समय तमाम नदियां उफान पर चल रही हैं। पंचकूला सहित कुछ अन्य जगह नदियों के ऊपर बने पुल टूट गए हैं। कुछ जगह नदियों के किनारे बह गए हैं तो कुछ शहरों में बाढ़ जैसे हालातों के बीच सैंकड़ों की संख्या में वाहन पानी के तेज बहाव के साथ हिचकोले खाते नजर आए।
पंचकूला के कालका में बी-पिंजौर राजमार्ग पर कीरतपुर पुल पानी के बहाव से क्षतिग्रस्त होकर टूट गया। पंचकूला श्री माता मनसा देवी मंदिर को जाने वाला रोड पानी के तेज बहाव के चलते धंस गया। पंचकूला में अमरावती एन्क्लेव के पास नैशनल हाईवे का हिस्सा धंस गया, यह नैशनल हाईवे चंडीगढ़ और पंचकूला को शिमला से जोड़ता है। पिंजौर-नालागढ़ रोड पर गांव मढ़ावाला के समीप पुल का कुछ हिस्सा तेज बहाव पानी में क्षतिग्रस्त हो गया जिसके चलते औद्योगिक क्षेत्र बद्दी, बरोटीवाला, नालागढ़ सहित पिंजौर ब्लॉक के दर्जनों गांव का संपर्क टूट गया। प्रदेश के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सभी जिला उपायुक्तों के साथ बरसात से उपजे हालातों को नियंत्रित करने के लिए आपात बैठक बुलाई। फिलहाल अगली स्थिति पर नियंत्रण पाने तक कई जिलों के डीसी ने स्कूलों को बंद कर दिया है। साथ ही संबंधित अधिकारियों को प्रभावित इलाकों पर हर पल निगरानी बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। भारी बरसात के बीच एसडीआरएफ की टीम ने 800 लोगों को बचाया।
अंबाला शहर में अगले तीन दिन तक एक बार होगी पानी की सप्लाई : जनस्वास्थ्य विभाग के कार्यकारी अभियंता कर्णवीर सिंह ने बताया कि अंबाला शहर में रॉ वाटर की शॉर्टेज हो गई है क्योंकि पंपिंग स्टेशन पर बिजली आपूर्ति ठप्प हो गई है। इस कारण 3 वाटर ट्रीटमैंट में से एक वाटर ट्रीटमैंट प्लांट ही चल पाएगा। उन्होंने अपील की कि पेयजल का जरूरत के हिसाब से कम से कम प्रयोग करें क्योंकि अंबाला शहर में अगले दो-तीन दिन तक दिन में एक बार वाटर सप्लाई की जाएगी।
पंचकूला में मलबे में दबने से 3 की मौत : पंचकूला के पिंजौर के पास शिव लोटिया मंदिर मार्ग पर एक जोगी पर पहाड़ का मलवा गिर गया। मलबे में दबने से तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों की पहचान आकाश उम्र 19 वर्ष, कार्तिक उम्र 7 वर्ष और प्रियंका उम्र 5 वर्ष बताई जा रही है। मलबे में दबे 2 लोगों को पहले निकाल दिया गया था और 5 साल की लड़की को रैस्क्यू कर बाहर निकाला था लेकिन तीनों लोगों ने दम तोड़ दिया है। पंचकूला के टिब्बी गांव में घर की दीवार गिरने से 06 मवेशियों की मौत हो गई।
मुख्यमंत्री ने की आपात बैठक, उपायुक्त को दिए हर स्थिति पर कड़ी नजर रखने के निर्देश
हरियाणा में पिछले 3 दिनों से लगातार हो रही भारी बरसात को देखते हुए मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीसी के जरिए सभी जिला उपायुक्तों के साथ आपात बैठक की। मुख्यमंत्री ने अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर के उपायुक्तों को विशेष निर्देश देते हुए कहा कि लोगों को नदियों के पास न जाने दें। यमुना, घग्घर व अन्य छोटी नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। नरवाना ब्रांच और एसवाईएल में भी पानी अपनी पूरी क्षमता तक बह रहा है इसलिए जिला उपायुक्त नजर बनाए रखें।
उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि बोरियों में मिट्टी भरवाकर तैयार रखें ताकि यदि कहीं कोई नदी या ड्रेन में कोई कटाव होता है तो उसे तुरंत कंट्रोल किया जा सके। राज्य में औसत से कई अधिक बारिश हो रही है इसलिए उपायुक्त अपने-अपने जिलों में हर स्थिति पर कड़ी नजर बनाए रखें। मुख्यमंत्री ने कुरुक्षेत्र के उपायुक्त को निर्देश दिए कि पिहोवा अंबाला सड़क पर कुछ किनारों से मिट्टी खिसकने की सूचना मिली है इसलिए इस पर नजर बनाए रखें और मिट्टी के कटाव को रोकें। इसके अलावा उन्होंने पंचकूला की उपायुक्त को भी पिंजौर-बद्दी सड़क पर पुल टूटने के कारण लोगों को हो रही परेशानी का समाधान निकालने व हिमाचल के अधिकारियों से समन्वय स्थापित करके कोई अन्य मार्ग की व्यवस्था करवाने के प्रयास करें।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks