हांसी के नजदीकी गांव के बैंक में चोरों ने की सेंधमारी, ग्रील काट अंदर घूसे चोर, बास थाने में मामला दर्ज !
haryana Hisar news Thieves broke into the bank of village near Hansi, cut the grill and entered, case registered in Bass police station
तहलका न्यूज हिसार / सुनील कोहाड़
हिसार जिले के हांसी के नजदीकी गांव गढ़ी स्थित दि हिसार सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक में मंगलवार की रात खिड़की की ग्रिल काटकर चोर घुस गए। बैंक के अंदर घूसे चोरों ने सेफ तोड़ने का प्रयास किया। ये पूरी वारदात बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में चोर कपड़े से मुंह ढके व हेलमेट पहने हुए एक शख्स दिखाई दे रहा है, जिसके बाद कैमरे डिस्कनेक्ट हो गए। बास पुलिस ने बैंक के क्लर्क के बयान पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बैंक क्लर्क मय्यड़ गांव निवासी नवीन कुमार ने पुलिस को बताया कि बुधवार सुबह बैंक के सिक्योरिटी गार्ड रामपुरा निवासी राजेन्द्र कुमार ने सूचना दी कि बैंक की पिछली साइड में लगी लोहे की खिड़की की ग्रिल कटी हुई है। सूचना मिलते ही वो तुरंत बैंक में पहुंचा और अंदर देखा तो सेफ को भी तोड़ने का प्रयास किया गया था। लेकिन चोर इसे तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए। बैंक में लगे सीसीटीवी कैमरों में एक शख्स सिर में हेलमेट पहने हुए बैंक के अंदर दाखिल होता दिखाई दे रहा है। अनुमान लगाया जा रहा है कि उसने सभी सीसीटीवी कैमरों के तारों को काट दिया।
दि हिसार सेंट्रल को-ऑपरेटिव हिसार के प्रवक्ता श्रीकृष्ण ने बताया कि उनको बैंक कर्मचारियों के माध्यम से घटना की सूचना मिली है। जिसके बाद मौके पर जाकर पूरे घटनाक्रम का गहनता से निरीक्षण किया गया। बैंक से कोई सामान तो चोरी नहीं हुआ है, लेकिन सेफ को काफी नुकसान पहुंचाया गया है।
इस संबंध में थाना प्रभारी बास सुखदेव सिंह ने बताया कि बैंक क्लर्क नवीन कुमार के बयान पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। मौके पर फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम को बुलाया गया था। टीम ने जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं। गांव में अन्य जगहों पर व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks