रोहतक : घर में चल रही थी जन्मदिन पार्टी की तैयारी, सडक़ हादसे में मौत, परिजन करते रहे केक काटने का इंतजार !
रोहतक : सुनील कोहाड़ / तहलका न्यूज
महम चौबीसी के गांव बलंभा के पास सोमवार की देर रात सडक़ हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इत्फाक से सोमवार को ही मृतक का जन्मदिन था और घर में उसके जन्मदिन की पार्टी का पूरा इंतजाम हो चुका था। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव को परिजनों के हवाले कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार बलंभा निवासी प्रवीन का जन्म 10 अक्टूबर 1976 को हुआ था और वो एक फैक्ट्री में केंटर चालक के तौर पर काम करता था। सोमवार को वो अपनी डयूटी खत्म करके महम से अपने जन्मदिन के लिए खरीददारी करने के लिए गया था और उसके परिजन उसका 46 वां जन्मदिन मनाने की तैयारियों में जुटे हुए थे। तैयारियां पूर्ण हो चुकी थी और प्रवीन के आने का इंतजार कर रहे थे ताकि वो जैसे ही केक काटे तो परिजन उपहारों का गिफ्ट उससे भेंट कर सरपराईज दें। परिजन देर रात तक उसका इंतजार करते रहे।
मृतक प्रवीन के छोटे भाई सुनील ने बताया कि जब प्रवीन महम से वापिस गांव बलंभा आ रहा था तो गांव के पास पीछे से आ रही एक कार ने उसको पीछे से टक्कर मार दी। जिसके कारण वो उछलकर गिर गया और गंभीर चोंटें लगने के कारण उसकी मौत हो गई। सुनील ने बताया कि उसके भाई का आज ही जन्मदिन था और किसी ने सपने में भी नहीं सोचा था कि जन्मदिन की पार्टी मातम में बदल जाएगी। वहीं कार चालक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने मृतक के भाई के ब्यान पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर शव का मंगलवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक अपने पीछे छोटे भाई, बहन, पत्नी और एक बेटे व बेटी को छोडक़र गया है।
- Canter Driver Dies In Road Accident In Rohtak, Death On Birthday, Family Was Waiting For Happiness, Message Of Mourning Came

कोई टिप्पणी नहीं
Thanks